चाईबासा (जय कुमार): रोटरी क्लब चाईबासा द्वारा सत्र 2024-25 के तहत आयोजित चित्रांकन प्रतियोगिता में सफल प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। यह प्रतियोगिता रोटेरियन बनवारी लाल नेवटिया के सौजन्य से आयोजित की गई थी। कार्यक्रम में प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र के साथ-साथ नगद पुरस्कार भी दिए गए।
प्रतियोगिता को तीन चरणों में आयोजित किया गया था, जिसमें अलग-अलग वर्गों के बच्चों ने भाग लिया। बड़ी संख्या में बच्चों ने इस बार भी प्रतियोगिता में हिस्सा लिया, जिससे यह साफ जाहिर होता है कि बच्चों में इस आयोजन को लेकर खास उत्साह रहता है।
कार्यक्रम में बच्चों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान के लिए पुरस्कृत किया गया। पुरस्कार वितरण समारोह विद्यालय परिसर में आयोजित हुआ, जहां विजेता बच्चों को मंच पर बुलाकर सम्मानित किया गया।
आयोजकों की महत्वपूर्ण भूमिका
इस आयोजन को सफल बनाने में रोटेरियन निरंजन साव, गुरमुख सिंह खोखर, रितेश मूंधड़ा, हर्ष मिश्रा (आईपीपी), सौरभ प्रसाद, अमित पोद्दार और कन्हैया लाल अग्रवाल समेत अन्य लोगों की अहम भूमिका रही।
बच्चों की प्रतिभा को मिले मंच
रो. विकास दोदराजका ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों के अंदर छिपी कला और रचनात्मकता को सामने लाना है। उन्होंने कहा कि केवल प्रमाण पत्र ही नहीं, बच्चों को नगद राशि भी दी गई ताकि वे अपनी पढ़ाई और कला सामग्री खरीदने में इसका उपयोग कर सकें।
क्लब की सचिव रो. हीना ठक्कर ने कहा कि रोटरी क्लब का प्रमाण पत्र बच्चों को आगे बढ़ने और आत्मविश्वास बढ़ाने में मदद करेगा। उन्होंने सभी सफल प्रतिभागियों को बधाई दी और उनके माता-पिता को धन्यवाद दिया कि उन्होंने बच्चों को इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
रोटरी क्लब चाईबासा की यह चित्रकला प्रतियोगिता बच्चों के लिए अपनी कला और रचनात्मक सोच को दिखाने का एक बेहतरीन मंच साबित हुई है। प्रतियोगिता समिति और आयोजकों के प्रयास से यह कार्यक्रम सफल और प्रेरणादायक रहा।









