अहमदाबाद/मणिनगर ईस्ट। गुजरात की राजधानी अहमदाबाद के मणिनगर ईस्ट इलाके के भाईपुरा स्थित सेवन्थ डे स्कूल में मंगलवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब आठवीं कक्षा के एक छात्र ने कथित तौर पर दसवीं कक्षा के छात्र पर स्कूल गेट के पास चाकू से हमला कर दिया। इस घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
आठवीं के छात्र ने दसवीं के छात्र पर चाकू से किया हमला
हमले में घायल छात्र की हालत गंभीर बताई जा रही है। डॉक्टरों ने उसे 72 घंटे निगरानी में रखने का आदेश दिया है।
घटना का विवरण
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब वारदात हुई तब स्कूल परिसर में मौजूद स्टाफ और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर कोई मदद करने आगे नहीं आए।
परिजनों का आरोप है कि स्कूल प्रशासन ने एम्बुलेंस तक नहीं बुलवाई। घायल छात्र को खून से लथपथ अवस्था में परिजन खुद ही ऑटो-रिक्शा में अस्पताल ले गए। किसी भी सुरक्षा कर्मी या स्टाफ ने मदद नहीं की।
अभिभावकों का आक्रोश
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों के परिजन स्कूल गेट पर एकत्रित हो गए और स्कूल प्रशासन के खिलाफ जमकर हंगामा किया। अभिभावकों ने प्रिंसिपल और स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाया। गुस्साए परिजन जवाबदेही तय करने की मांग पर अड़ गए।
परिवार की मार्मिक अपील
घायल छात्र के परिजनों ने कहा:
“हमारा बच्चा खून से लथपथ ज़मीन पर पड़ा था, लेकिन किसी ने मदद नहीं की। हम जानना चाहते हैं कि बच्चों की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा।”
उन्होंने अन्य सभी अभिभावकों से एकजुट होकर बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की।
प्रशासन पर सवाल ?
- इस वारदात ने अहमदाबाद में स्कूल सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
- स्कूल प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन की भूमिका कटघरे में है।
परिजन मांग कर रहे हैं कि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो और स्कूलों में सुरक्षा मानक सख्ती से लागू किए जाएं।
यह मामला अब पुलिस और शिक्षा विभाग की संज्ञान में आने के बाद जांच के दायरे में है। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।














