जमशेदपुर, 8 अगस्त 2026: आजादनगर थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पारडीह चौक के आसपास से एक युवक को 38 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से एक स्मार्ट मोबाइल फोन भी बरामद किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान सौरभ ओहरी, उम्र करीब 21 वर्ष, पिता राजेश कुमार ओहरी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 7 अगस्त 2026 को रात करीब 8:10 बजे विश्वसनीय गुप्त सूचना मिली थी कि पारडीह चौक एवं उसके आसपास ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस पदाधिकारी को अवगत कराया गया। इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक पटमदा, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया।
पारडीह चौक के पास संदिग्ध युवक को दबोचा
छापामारी दल ने योजना के अनुसार पारडीह चौक के आसपास छापेमारी शुरू की। इसी दौरान पुलिस को एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया, जो पुलिस को देखते ही भागने लगा। पुलिस टीम ने उसका पीछा कर घेराबंदी की और उसे सुरक्षित पकड़ लिया।
पुलिस द्वारा पूछताछ किए जाने पर युवक ने अपना नाम सौरभ ओहरी बताया। उसके वर्तमान पते के रूप में सर्किट हाउस, के.पी. प्लॉट संख्या-115, आउटर हाउस के पीछे, थाना बिष्टुपुर, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर तथा स्थायी पता आर.पी. पटेल हाई स्कूल के पास, गौशाला चौक, थाना जुगसलाई बताया गया है।
तलाशी में 38 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद
पकड़े गए युवक की विधिवत तलाशी लेने पर उसके पास से 38 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई। पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को जब्त करते हुए इसकी सूची तैयार की। इसके अलावा उसके पास से एक स्मार्ट मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में सौरभ ओहरी ने कथित तौर पर बताया कि उसने ब्राउन शुगर सोमारी के पवन यादव से लिया था। पुलिस प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पवन यादव पूर्व में एनडीपीएस मामले में आरोपी रह चुका है और वर्तमान में जेल में है। पुलिस के अनुसार, जेल जाने के बाद भी अवैध धंधे के नेटवर्क को पवन यादव द्वारा संचालित किए जाने की जानकारी सामने आई है।

अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी
आजादनगर पुलिस ने सौरभ ओहरी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है। मामले में अन्य संदिग्ध एवं आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापामारी अभियान जारी है।
इस संबंध में आजादनगर थाना कांड संख्या 64/26, दिनांक 07.08.2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले में NDPS Act की धारा 21(a)/21(b)/29 तथा BNS 2023 की धारा 111 के तहत कार्रवाई की है।
छापामारी दल में शामिल पुलिसकर्मी
कार्रवाई में पुलिस उपाधीक्षक पटमदा श्री दयानंद कुमार, आजादनगर थाना के पु.नि.-सह-थाना प्रभारी श्री चंदन कुमार, पु0अ0नि0 दीपक कुमार ठाकुर, पवन कुमार, मनीष कुमार राय, स0अ0नि0 विजय कुमार दुबे तथा अन्य सशस्त्र बल शामिल थे।
पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले में जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने के लिए अनुसंधान और छापेमारी आगे भी जारी रहेगी।















