जमशेदपुर । श्रीनाथ यूनिवर्सिटी में आयोजित जिला स्तरीय पिकलबॉल प्रतियोगिता का उत्साह और रोमांच के बीच सफलतापूर्वक समापन हुआ। टूर्नामेंट में अलग-अलग आयु वर्ग के पुरुष एवं महिला खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। अंडर-14 से लेकर 50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग तक के खिलाड़ियों ने कोर्ट पर दमखम दिखाते हुए खिताब के लिए कड़ा मुकाबला किया।
प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-16, अंडर-19, सीनियर, 35+ और 50+ आयु वर्ग की विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की गईं। पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। शानदार खेल के साथ खिलाड़ियों ने अनुशासन और खेल भावना का भी परिचय दिया। प्रतियोगिता के समापन पर विजेता और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
जूनियर खिलाड़ियों ने कोर्ट पर बिखेरा जलवा
अंडर-14 बालक एकल स्पर्धा में आयुष टुडू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। प्रवीर महतो दूसरे और शिवेश प्रधान तीसरे स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में भूमिका पांडेय ने खिताब अपने नाम किया, जबकि वंशिका प्रसाद उपविजेता और प्रिश्ती सिंह तीसरे स्थान पर रहीं। अंडर-16 बालक वर्ग में आर्यन टुडू विजेता बने। सशराज सिंह ने दूसरा और रजवीर महतो ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में सृष्टि महतो ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि अदिति मिश्रा दूसरे और भूमिका पांडेय तीसरे स्थान पर रहीं।
अंडर-19 बालक एकल में आदित्य कुमार सिंह ने खिताबी जीत दर्ज की। अंकित कुमार दूसरे तथा आर्यन टुडू तीसरे स्थान पर रहे। वहीं बालिका वर्ग में अदिति मिश्रा विजेता बनीं। लक्ष्मी रौशन ने दूसरा और मुस्कान कुमारी यादव ने तीसरा स्थान हासिल किया।
सीनियर वर्ग में आदर्श मयंक और मुस्कान ने जीता खिताब
सीनियर पुरुष एकल मुकाबले में आदर्श मयंक ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए खिताब पर कब्जा जमाया। आकाश गुप्ता दूसरे और निखिल प्रधान तीसरे स्थान पर रहे। सीनियर महिला एकल में मुस्कान कुमारी यादव विजेता बनीं। सुप्रिया जोंको ने दूसरा और पूर्णिमा प्रमाणिक ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। 35 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के पुरुष एकल में राहुल कुमार ने पहला स्थान हासिल किया। डॉ. मृत्युंजय महतो उपविजेता रहे, जबकि राधेश्याम तिवारी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। महिला वर्ग में डॉ. प्रीति किरण विजेता बनीं। डॉ. बीना महतो दूसरे और चंचला कुमारी महतो तीसरे स्थान पर रहीं।
50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के पुरुष एकल मुकाबले में सूर्यजीत सिंह ने खिताब जीता। कैप्टन मनीष सिन्हा ने दूसरा और रंजीत कुमार सिंह ने तीसरा स्थान हासिल किया।

डबल्स मुकाबलों में भी दिखा रोमांच
टूर्नामेंट के दौरान विभिन्न डबल्स स्पर्धाओं का भी आयोजन किया गया। अंडर-16, अंडर-19, सीनियर और 35+ वर्ग में पुरुष, महिला एवं मिक्स्ड डबल्स मुकाबले खेले गए। खिलाड़ियों ने तालमेल और रणनीति के दम पर रोमांचक प्रदर्शन किया। विजेता एवं उपविजेता जोड़ियों को आयोजन समिति की ओर से सम्मानित किया गया।
उत्कृष्ट खिलाड़ियों को मिला ‘बेस्ट प्लेयर’ सम्मान
प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को बेस्ट प्लेयर पुरस्कार से सम्मानित किया गया। अंडर-14 बालक वर्ग में आयुष टुडू और बालिका वर्ग में भूमिका पांडेय को सम्मान मिला। अंडर-16 में आर्यन टुडू और सृष्टि महतो, जबकि अंडर-19 वर्ग में आदित्य कुमार सिंह और अदिति मिश्रा को बेस्ट प्लेयर चुना गया। सीनियर वर्ग में आदर्श मयंक और मुस्कान कुमारी यादव, 35+ वर्ग में राहुल कुमार और डॉ. प्रीति किरण तथा 50+ पुरुष वर्ग में सूर्यजीत सिंह को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता को सफल बनाने में आयोजन समिति, तकनीकी अधिकारियों और स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समापन समारोह में विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल खेल भविष्य की कामना की गई। साथ ही खिलाड़ियों को भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर जमशेदपुर और झारखंड का नाम रोशन करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।















