
आदित्यपुर, 6 जुलाई 2026। आदित्यपुर स्थित श्रीनाथ कॉलेज ऑफ एजुकेशन में सोमवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के तत्वावधान में सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ किया गया। यह शिविर 6 जुलाई से 12 जुलाई 2026 तक गम्हरिया प्रखंड के उदयपुर गांव में आयोजित किया जाएगा। शिविर का उद्घाटन एवं ओरिएंटेशन कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. मीनाक्षी मुंडा द्वारा की गई। उन्होंने स्वयंसेवकों को एनएसएस के उद्देश्यों, सामाजिक दायित्वों एवं ग्रामीण विकास में युवाओं की भूमिका पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकों, एनएसएस स्वयंसेवकों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वक्ताओं ने कहा कि इस विशेष शिविर का उद्देश्य ग्रामीण समाज के बीच शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देना है।

सात दिनों तक होंगे विविध सामाजिक कार्यक्रम
शिविर के दौरान प्रतिदिन अलग-अलग जनहित एवं समाजसेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
- प्रथम दिवस (6 जुलाई): डॉ. मीनाक्षी मुंडा द्वारा ओरिएंटेशन कार्यक्रम एवं शिविर का शुभारंभ।
- द्वितीय दिवस: जसोए कम्युनिटी के सहयोग से पौधरोपण अभियान।
- तृतीय दिवस: एनएसएस स्वयंसेवकों द्वारा प्रौढ़ शिक्षा के प्रचार-प्रसार एवं जनजागरूकता अभियान।
- चतुर्थ दिवस: त्रिनेत्र हॉस्पिटल के सहयोग से ग्रामीणों के लिए निःशुल्क नेत्र जांच शिविर।
- पंचम दिवस: हाईफाई जमशेदपुर एनजीओ द्वारा जरूरतमंद ग्रामीणों के बीच फूड डिस्ट्रीब्यूशन ड्राइव के तहत भोजन वितरण।
- षष्ठम दिवस: सहायक प्राध्यापक विनय सिंह सांडिल द्वारा मानव तस्करी विषय पर जागरूकता कार्यक्रम।
- सप्तम दिवस: महाविद्यालय प्रबंधन एवं एनएसएस इकाई द्वारा सामुदायिक संपर्क, ग्रामीणों से कार्यक्रम का फीडबैक, शिविर की उपलब्धियों की समीक्षा तथा समापन समारोह।
महाविद्यालय प्रबंधन ने बताया कि इस विशेष शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने के साथ-साथ ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक मुद्दों के प्रति जागरूक किया जाएगा।















