
चक्रधरपुर (जय कुमार): चक्रधरपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत कुलीतोडांग पंचायत के धरमसाई गांव में नया युवा विकास स्पोर्टिंग क्लब धरमसाई द्वारा आयोजित तीन दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का सफलतापूर्वक समापन हो गया। फुटबॉल प्रतियोगिता के फाइनल में झारखंड मुक्ति मोर्चा प्रखंड अध्यक्ष सह दिशोम गुरु आशीर्वाद योजना के अध्यक्ष सन्नी उरांव मुख्य अतिथि थे तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला परिषद सदस्य श्रीमती मीना जोंको, स्थानीय पंचायत मुखिया माझी जोंको, बाइपी पंचायत मुखिया श्रीमती पिंकी जोंको, कोलचाकड़ा पंचायत मुखिया अरविंद तिग्गा सहित प्रदीप महतो, अमर सिंह बोदरा, टिंकू (सुब्रत) प्रधान, निराकार केराई, सूरज सिंह रोशन चौधरी आदि शामिल हुए।


मुख्य अतिथि का आयोजन समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने पहाड़ी क्षेत्र में फुटबॉल प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। धरमसाई के युवाओं का शिक्षा एवं खेल के प्रति प्रेम एवं समर्पण का ही परिणाम है कि इस गांव के दो युवा झारखंड प्रशासनिक सेवा आयोग की परीक्षा में सफल होकर बड़े पदों पर सुशोभित हुए हैं।
सभी खिलाड़ियों को खेलों के माध्यम से अपना करियर बनाने के लिए भी प्रेरित किया गया। टूर्नामेंट में कुल 48 टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल मुकाबला मनोज एफसी और किंग कोबरा के बीच खेला गया जिसमें दोनों टीमें बराबरी पर रहीं। इसके बाद पेनाल्टी शूटआउट के जरिए मनोज एफसी विजेता और किंग कोबरा टीम उपविजेता रही। टूर्नामेंट को सफल बनाने में नया युवा विकास स्पोर्टिंग क्लब, धरमसाई के अध्यक्ष जयपाल जामुदा, सचिव करण जामुदा, कोषाध्यक्ष जटा जामुदा, चामू, प्रताप, श्याम, दामू, सुरेश, अजय, दिलीप, फंटूश, पोंडेराम समेत अन्य समिति सदस्यों ने अहम योगदान दिया।










































