चाईबासा (जय कुमार): शहर में सोमवार सुबह दिनदहाड़े एक बड़ी लूट की वारदात सामने आई है। बैंक ऑफ बड़ौदा में पैसा जमा करने जा रहे आईबीपी पेट्रोल पंप मालिक पुनीत सेठिया के दो कर्मचारियों से अपराधियों ने करीब 5 लाख रुपये लूट लिए। घटना सुबह करीब 10:30 बजे सदर बाजार कोर्ट रोड स्थित जायका होटल के सामने हुई।
बाइक पर सवार तीन हथियारबंद अपराधी आए और पेट्रोल पंप कर्मी विमलेश कुमार और संजय पर हमला कर दिया। पिस्तौल की बट से मारकर उन्हें घायल कर दिया और नकदी लूट ली। दोनों घायल कर्मियों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है।

घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी तरुण कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुँचे और जाँच शुरू कर दी। शहर के सबसे व्यस्त इलाके में दिनदहाड़े हुई इस लूट से स्थानीय लोग दहशत और आश्चर्य में हैं।
पुलिस आसपास के इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।















