चाईबासा (जय कुमार): पश्चिमी सिंहभूम ज़िला पुलिस और सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी कामयाबी मिली है। सराईकेला थाना क्षेत्र के सारंडा के जंगली-पहाड़ी इलाके से दो कुख्यात नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार नक्सलियों की पहचान सब-ज़ोनल कमेटी सदस्य संदीप उर्फ हिडिमा पाडेयम (निवासी गोरनाम, बीजापुर, छत्तीसगढ़) और एरिया कमेटी सदस्य शिवा बोदरा उर्फ शिबू (निवासी जोजोडीह, कुचाई थाना, सरायकेला) के रूप में हुई है।
दोनों नक्सली 40 से ज़्यादा मामलों में वांछित थे। इनमें से शिवा बोदरा का नाम ओडिशा के राउरकेला ज़िले के केबलांग थाना क्षेत्र के बांको गाँव में हुए विस्फोटक लूटकांड में भी सामने आया है।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने इनके पास से एक पिस्तौल, 11 कारतूस, 2 मैगजीन, वॉकी-टॉकी, डेटोनेटर और आईईडी बनाने का सामान बरामद किया।

गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन को मिली गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। सूचना में बताया गया कि माओवादी संगठन के शीर्ष नेता मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछू, अनल, असीम मंडल, अजय महतो, सागेन अंगारिया और अश्विन अपने दस्ते के साथ सारंडा में सक्रिय हैं और किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं।
इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) पारस राणा के नेतृत्व में एक विशेष अभियान दल का गठन किया गया, जिसमें झारखंड पुलिस और कोबरा 209 की संयुक्त टीम शामिल थी।
चौंकाने वाला खुलासा
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार नक्सलियों ने यह भी खुलासा किया कि संगठन की केंद्रीय समिति सदस्य अनल उर्फ रमेश द्वारा महिला दस्ते की सदस्यों का शारीरिक शोषण किया जाता है और अवैध गर्भपात भी कराया जाता है। पुलिस इन आरोपों की गंभीरता से जांच कर रही है।
बरामद सामग्री
- पिस्तौल – 01
- कारतूस – 11
- मैगज़ीन – 02
- वॉकी-टॉकी – 02
- डेटोनेटर – कई IED बनाने की सामग्री













