जमशेदपुर, 7 अगस्त — राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) जमशेदपुर में गुरुवार को संस्थान के नव नियुक्त शासी निकाय अध्यक्ष सुनील अलघ का उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया। संस्थान परिसर में ‘स्वागतम’ बैनर के साथ उनका औपचारिक अभिनंदन किया गया।
इसके बाद डायमंड जुबली हॉल में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में श्री अलघ ने स्पष्ट किया कि उनका लक्ष्य संस्थान की राष्ट्रीय रैंकिंग में सुधार लाना और छात्रों को उच्च गुणवत्ता वाला प्लेसमेंट दिलाना है। उन्होंने कहा कि उद्योग जगत में अपने दशकों के अनुभव को अब वह तकनीकी शिक्षा को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने में लगाएंगे।

श्री अलघ ने कहा, “भले ही मैं टेक्निकल बैकग्राउंड से नहीं हूं, लेकिन मैं छात्रों की तकनीकी क्षमता को बढ़ाने और उन्हें बेहतर भविष्य देने के लिए पूरी तरह समर्पित हूं।” उन्होंने जानकारी दी कि एक ऐसा एक्शन प्लान तैयार किया जा रहा है, जिससे एनआईटी के छात्रों को भी आईआईटी के स्तर का प्लेसमेंट मिल सके।
बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के अध्यक्ष ने यह भी बताया कि उद्योगों से बेहतर तालमेल बनाने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे ताकि छात्र डिग्री के साथ रोजगार के बेहतरीन अवसर भी प्राप्त कर सकें।
इस मौके पर संस्थान के निदेशक प्रोफेसर गौतम सूत्रधार, रजिस्ट्रार कर्नल निशीथ राय, अन्य अधिकारी और कई कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का माहौल गरिमामय और उत्साहपूर्ण रहा।








