चाईबासा (जय कुमार): आदिवासी हो समाज युवा महासभा और राष्ट्रीय आदिवासी पुनरुत्थान संघ के पदाधिकारियों ने चाईबासा के हरिगुटू स्थित महासभा कला एवं संस्कृति भवन में साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत चल रही तुरतुंग परियोजना को लेकर हो भाषा शिक्षकों के साथ बैठक की। दोनों समाजों द्वारा नए सत्र की शुरुआत, प्रशिक्षण, केंद्र चयन, अभिभावकों के साथ बैठक, छात्रों का नामांकन, फोटो-आधार, अनुपस्थिति विवरणी आदि के बारे में जानकारी दी गई।
बताया गया कि पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और पश्चिमी सिंहभूम में हो भाषा वारंगक्षिति केंद्र संचालित किया जाना है। केंद्र के चयन और केंद्र की अनुमति के लिए जिले और स्कूल के डीसी, डीईओ और डीएसई से मुलाकात की जाएगी।
शिक्षकों को पिछले सत्र के प्रमाण पत्रों का वितरण, शिक्षक अनुभव प्रमाण पत्र, टीडीएस सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई। इस अवसर पर आदिवासी ‘हो’ समाज युवा महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष इपिल सामड्ड, महासचिव गब्बरसिंह हेम्ब्रम, धार्मिक सचिव सोमा जेराई, प्रदेश कोषाध्यक्ष शंकर सिदु, प्रदेश सांस्कृतिक सचिव जगन्नाथ हेस्सा, प्रदेश साहित्यकार सदस्य दानसार बोदरा, जिला सचिव ओयबन हेम्ब्रम, अनुमंडल सचिव आशीष त्रिया सहित बड़ी संख्या में शिक्षकगण उपस्थित थे।








