जमशेदपुर/बहरागोड़ा। पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने कथित पन्ना तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बहरागोड़ा बस स्टैंड के पास से तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1.095 किलोग्राम यानी 1095 ग्राम पन्ना के छोटे-छोटे टुकड़े बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार बरामद पन्ना की अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ 50 लाख रुपये है। कार्रवाई के दौरान दो दोपहिया वाहन, तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 2300 रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल
पुलिस के अनुसार, पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक को 11 जुलाई 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति पन्ना लेकर तस्करी के उद्देश्य से बहरागोड़ा बस स्टैंड के आसपास पहुंचने वाले हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस पदाधिकारियों के निर्देश पर घाटशिला अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बहरागोड़ा बस स्टैंड के पास दबिश दी। वहां दो दोपहिया वाहनों के साथ तीन लोग खड़े मिले। पुलिस बल को देखते ही तीनों ने कथित रूप से भागने का प्रयास किया, लेकिन छापेमारी दल ने उन्हें पकड़ लिया।
स्कूटी की डिक्की से मिला 1095 ग्राम पन्ना
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 50 वर्षीय विनय पातर, 45 वर्षीय सिद्धेश्वर कालिन्दी और 44 वर्षीय स्नेहाशिष मंगराज के रूप में हुई है। विनय पातर और सिद्धेश्वर कालिन्दी गुड़ाबांदा थाना क्षेत्र के मुराकाटी गांव के रहने वाले हैं, जबकि स्नेहाशिष मंगराज श्यामसुंदरपुर थाना क्षेत्र के खांड़देवली गांव का निवासी बताया गया है।
पुलिस के मुताबिक, विनय पातर के पास मौजूद काले और नीले रंग की यामाहा स्कूटी की डिक्की की तलाशी लेने पर सफेद प्लास्टिक में रखा 1.095 किलोग्राम पन्ना बरामद हुआ। उसके पास से एक मोबाइल फोन, एक पर्स और 1840 रुपये नकद भी मिले। वहीं, सिद्धेश्वर कालिन्दी के पास से एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। स्नेहाशिष मंगराज के पास से ब्लू-काले रंग की हीरो डीलक्स मोटरसाइकिल, एक पोको एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 460 रुपये नकद बरामद किए गए।
दो वाहन और तीन मोबाइल भी जब्त
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 1095 ग्राम पन्ना के छोटे-छोटे टुकड़ों के अलावा OD 11AC 8043 और JH05BV 9089 नंबर के दो दोपहिया वाहन, तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन और कुल 2300 रुपये नकद जब्त किए हैं। मामले को लेकर बहरागोड़ा थाना कांड संख्या 35/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की संबंधित धाराओं के साथ भारतीय वन अधिनियम 1927, पुरावशेष तथा बहुमूल्य कलाकृति अधिनियम 1972 और खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की है।
विनय पातर का पूर्व में भी दर्ज है आपराधिक इतिहास
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी विनय पातर के खिलाफ पूर्व में गुड़ाबांदा थाना में वर्ष 2018 में भी मामला दर्ज किया गया था। उक्त मामला चोरी, चोरी की संपत्ति से संबंधित धाराओं, भारतीय वन अधिनियम तथा खान एवं खनिज अधिनियम की धाराओं के तहत दर्ज बताया गया है।
छापेमारी टीम में ये अधिकारी रहे शामिल
इस कार्रवाई में घाटशिला अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बहरागोड़ा थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा, अनुसंधानकर्ता रामप्रवेश राय, राहुल कुमार, पंकज कुमार पासवान, ओम शरण, हवलदार किस्टो साब और आरक्षी कमल तिडु सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस अब बरामद पन्ना के स्रोत, इसकी आपूर्ति श्रृंखला और कथित तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में आगे की जांच कर रही है।















